महासमुंद में 3 करोड़ का गांजा जब्त: NH-53 पर पुलिस ने ट्रक रोककर पकड़े दो तस्कर, ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी खेप

महासमुंद, 9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और दो मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर NH-53 में नाकाबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आयशर माजदा Pro 3015 ट्रक क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
कैरेट के नीचे छिपाकर रखी थी गांजे की बोरियां
वाहन की जांच के दौरान कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में ले जाने की बात बताई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष) निवासी सोनबरक्षी और स्वराज महाजन (25 वर्ष) निवासी कसोदा आडगांव, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 करोड़ 80 लाख रुपये का गांजा, 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक और 8 हजार रुपये के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच कर सकती है।



