छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 25 लाख वोटरों के कटे नाम से मचा हड़कंप, अब घर-घर पहुंचेंगे BLO; दोबारा नाम जुड़वाने चलेगा अभियान

रायपुर, 9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से नाम कटने के बाद अब पात्र नागरिकों को दोबारा नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में एक महीने का विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने में मदद करेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान छत्तीसगढ़ में करीब 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या दूसरे स्थान पर स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, पुनरीक्षण के दौरान 2 लाख 35 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

घर-घर पहुंचेंगे BLO, छूटे नामों का होगा सत्यापन

विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन करेंगे। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी। अभियान में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए निर्धारित पात्रता और आयु संबंधी नियम लागू होंगे।

मतदान केंद्रों और कॉलेजों में लगेंगे विशेष शिविर

अभियान के दौरान प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।

इसके तहत आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।

बूथ लेवल अधिकारियों को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे।

मतदाता सूची में नाम कैसे जुड़वाएं?

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।

  • ऑनलाइन: ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन करें।
  • ऑफलाइन: अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास फॉर्म-6 जमा करें।
  • सहायता के लिए: ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का उपयोग करें या हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें, ताकि मतदान के अधिकार से कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button