संसद का अचानक चार दिन का विशेष सत्र: 2008 का रिकॉर्ड टूटा, 30 नवंबर से लोकसभा में शुरू होगी कार्यवाही, बड़े फैसलों की चर्चा

नई दिल्ली, 27 नवंबर। संसद की कार्यवाही एक बार फिर शुरू होने जा रही है। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालयों ने आगामी संसदीय बैठकों को लेकर बुलेटिन जारी कर दिया है। इसके अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। इन बैठकों में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर सरकारी कामकाज नहीं होगा।
दरअसल, 13 अगस्त को मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, संसद का औपचारिक सत्रावसान नहीं किया गया था। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुरोध के बाद अब सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया है।
30 नवंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगी लोकसभा की बैठक
लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही सोमवार, 30 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी। यह बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है। खास बात यह है कि इन बैठकों के दौरान सदन में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर सरकारी कामकाज का कोई एजेंडा नहीं रखा गया है।
वहीं, राज्यसभा सचिवालय के अनुसार उच्च सदन की कार्यवाही 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगी। संसदीय कामकाज की जरूरतों के आधार पर राज्यसभा की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर नजर
संसद की अचानक बुलाई गई इन बैठकों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि केंद्र सरकार इन बैठकों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है।
चर्चाओं के मुताबिक, परिसीमन से लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 तक करने का प्रस्ताव सामने आ सकता है। वहीं, महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े प्रावधानों पर भी नजर रहेगी। हालांकि, इन विधेयकों को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक एजेंडे की पुष्टि नहीं की गई है।
100 दिन से ज्यादा चला मानसून सत्र, 2008 का रिकॉर्ड टूटा
इस बार संसद के मानसून सत्र ने अवधि के मामले में 2008 का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। 13 अगस्त को कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बावजूद औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ। इसके चलते सत्र की अवधि 100 दिनों से अधिक हो गई, जबकि वर्ष 2008 में संसद का सत्र 87 दिनों तक चला था।
अब 30 नवंबर से शुरू होने वाली बैठकों पर सभी की नजरें टिकी हैं। खासकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संभावित विधेयकों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच हलचल बढ़ने की संभावना है।



