राष्ट्रीय

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत: आय से अधिक संपत्ति मामले में CBI-ED जांच का आदेश रद्द, हाईकोर्ट को दोबारा सुनवाई के निर्देश

नई दिल्ली, 25 नवंबर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने उनके खिलाफ CBI और ED जांच कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया है। साथ ही हाईकोर्ट को मामले पर सभी पक्षों को सुनकर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि राहुल गांधी को भी इस मामले में पक्षकार बनाया जाए, ताकि उनका पक्ष सुना जा सके। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से राहुल गांधी को फिलहाल बड़ी राहत मिली है।

दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की याचिका पर राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की CBI और ED से जांच कराने का आदेश दिया था। याचिका में दावा किया गया था कि राहुल गांधी ने अपनी विदेश यात्राओं पर अब तक करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जो उनकी घोषित आय से काफी अधिक है।

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती

हाईकोर्ट के आदेश को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 17 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान उनके वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि हाईकोर्ट ने एकतरफा तरीके से आदेश पारित किया। उन्होंने कहा था कि शिकायतकर्ता का इस मामले से सीधा संबंध नहीं है, इसके बावजूद उसकी याचिका पर बंद चैंबर में सुनवाई की गई।

सिब्बल ने यह भी आरोप लगाया था कि सीलबंद लिफाफे में दी गई जानकारियां मीडिया में लीक हो रही हैं। उन्होंने इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन बताया था।

शिकायतकर्ता और CBI ने किया था विरोध

दूसरी ओर, शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी की याचिका का विरोध किया था। उनका कहना था कि शुरुआती जांच के दौरान प्रस्तावित आरोपी को सुनने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है।

CBI की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने भी कहा था कि एजेंसी फिलहाल केवल प्रारंभिक जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही FIR दर्ज करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।

सुनवाई के दौरान जस्टिस जोयमाल्या बागची ने सवाल उठाया था कि यदि आरोप इतने गंभीर थे, तो CBI ने खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की।

अब सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के जांच के आदेश को रद्द करते हुए मामले को नए सिरे से सुनने को कहा है। हाईकोर्ट को सभी संबंधित पक्षों को सुनने के बाद कानून के अनुसार फैसला करना होगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button