CG में पटवारी भर्ती का रास्ता साफ: एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी, पुराने आदेशों में मान्य सर्टिफिकेट ही चलेंगे

रायपुर, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पटवारी समेत पांच सरकारी पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कंप्यूटर योग्यता को लेकर लंबे समय से बना असमंजस अब दूर हो गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि भर्ती के लिए कंप्यूटर में एक साल का डिप्लोमा अनिवार्य होगा और केवल निर्धारित पुराने आदेशों के तहत मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र ही स्वीकार किए जाएंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के मुताबिक, 23 जनवरी 2015, 22 जनवरी 2018 और 31 जनवरी 2018 के आदेशों में शामिल कंप्यूटर कोर्स, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री को ही मान्य माना जाएगा। इन आदेशों के बाद जारी किसी नए प्रमाण पत्र को इस योग्यता के तहत स्वतः मान्यता नहीं मिलेगी।
19 नवंबर को कर्मचारी चयन मंडल को भेजा पत्र
दरअसल, सामान्य प्रशासन विभाग ने 9 सितंबर 2026 को जारी आदेश में स्टेनोग्राफर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टाइपिस्ट, सहायक ग्रेड-3 और पटवारी पदों के लिए मान्यता प्राप्त संस्था से कंप्यूटर में एक साल का डिप्लोमा होना अनिवार्य किया था। इसके बाद अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल उठने लगा था कि किन संस्थानों के कंप्यूटर कोर्स और प्रमाण पत्र भर्ती के लिए मान्य होंगे।
इस असमंजस को दूर करने के लिए विभाग ने 19 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के परीक्षा नियंत्रक को पत्र भेजा है। इसमें कंप्यूटर योग्यता से संबंधित नियमों और मान्य प्रमाण पत्रों की स्थिति स्पष्ट की गई है।
दस्तावेज सत्यापन से पहले जांच लें प्रमाण पत्र
विभाग के स्पष्टीकरण के बाद भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने और दस्तावेज सत्यापन के समय परेशानी से बचने के लिए अपने कंप्यूटर प्रमाण पत्र की मान्यता पहले ही जांच लें।
खासकर निजी और सरकारी संस्थानों से कंप्यूटर कोर्स करने वाले युवाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका सर्टिफिकेट या डिप्लोमा 2015 और 2018 के निर्धारित सरकारी आदेशों में शामिल है या नहीं। निर्धारित सूची में शामिल नहीं होने पर अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के दौरान परेशानी हो सकती है।



