लाखों की चोरी और पुलिस की सुस्ती से नाराज हुए मंत्री: टीआई ने मांगे दो दिन, बोले- अब मुझे ही बंधक से छुड़वाइए

रायपुर, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताने का अनोखा अंदाज सामने आया है। अंबिकापुर में लाखों रुपये की चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मंत्री ने कोतवाली टीआई को फोन लगाकर कहा कि 40-50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बंधक बना लिया है, पुलिस भेजकर छुड़वाइए। मंत्री और टीआई के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। चोरी का आरोप पुराने कर्मचारियों पर लगाया गया है। पीड़ित व्यवसायी ने थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही कई बार पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी पुलिस को आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से व्यापारी नाराज थे।
व्यापारी ने मंत्री से की पुलिस पर पैसे मांगने की शिकायत
सोमवार रात मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे। इसी दौरान अग्रवाल ट्रेडिंग के संचालक ने मंत्री को चोरी की घटना और पुलिस की कार्रवाई में देरी की जानकारी दी।
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे पैसे भी मांगे थे और उन्होंने पैसे दे भी दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। यह सुनकर मंत्री नाराज हो गए और उन्होंने तत्काल कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगा दिया।
टीआई ने मांगे दो दिन, मंत्री बोले- मुझे ही छुड़वाने आ जाइए
फोन पर टीआई ने मंत्री को बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन वे अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं। टीआई ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा।
इस पर मंत्री ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जब आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे हैं तो उन्हें छोड़ दीजिए। मुझे ही छुड़वाने आ जाइए, यहां 40-50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बंधक बना लिया है।
टीआई लगातार मंत्री से व्यापारियों को भरोसा दिलाने की बात कहते रहे कि दो दिन में कार्रवाई का परिणाम सामने आएगा। वहीं मंत्री बार-बार पुलिस भेजकर उन्हें छुड़ाने की बात दोहराते रहे।
अंत में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि ठीक है, दो दिन बाद क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी उन्हें फोन कर दी जाए। मंत्री के इस अंदाज को देखकर वहां मौजूद व्यापारी भी हैरान रह गए। अब इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



