छत्तीसगढ़

मां को मैसेज भेजकर शराब दुकान के सुपरवाइजर ने दी जान: लिखा- जिंदगी से हार गया, गहने बेचकर पैसे जुटाने आई थी मां

रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मांढ़र शराब दुकान के सुपरवाइजर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 15 नवंबर की है। आत्महत्या से पहले प्रशांत वर्मा ने अपनी मां और पत्नी को वॉट्सऐप पर आखिरी मैसेज भेजा था। मां को भेजे संदेश में उसने लिखा था- ‘I am sorry मां, बहुत दुख दिया उसके लिए। जिंदगी से हार गया, माफ कर देना।’

प्रशांत की मां राजेश्वरी वर्मा ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारी हिसाब में गड़बड़ी बताकर उनके बेटे पर रकम जमा करने का दबाव बना रहे थे। इसी परेशानी के चलते प्रशांत ने अपनी मां से पैसों का इंतजाम करने को कहा था। मामला सिलतरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

आखिरी मैसेज में दो कर्मचारियों को बताया जिम्मेदार

आत्महत्या से पहले प्रशांत ने अपनी पत्नी को भी मैसेज भेजा था। इसमें उसने अपने साथ काम करने वाले दो कर्मचारियों यशवंत साहू और सुनील मोहले को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। मां राजेश्वरी के मुताबिक, प्रशांत ने उन्हें बताया था कि दोनों कर्मचारी कुछ दिनों से चोरी कर रहे थे। बाद में उनका दूसरी जगह ट्रांसफर हो गया था।

हिसाब में गड़बड़ी बताकर रकम जमा करने का दबाव

प्रशांत की मां राजेश्वरी वर्मा ने बताया कि उनका बेटा करीब डेढ़ साल से शराब दुकान में काम कर रहा था। इससे पहले उसे कभी इस तरह की परेशानी नहीं हुई थी। हाल ही में दफ्तर के हिसाब में गड़बड़ी होने की बात कहकर उस पर पूरी रकम जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा था।

राजेश्वरी के अनुसार, प्रशांत ने बताया था कि अधिकारी उससे कह रहे थे कि वह सुपरवाइजर है, इसलिए हिसाब में आई गड़बड़ी की रकम भी उसे ही जमा करनी होगी। ट्रांसफर के बाद से काम का दबाव भी बढ़ गया था।

गहने बेचकर और कर्ज लेकर पैसे जुटाने पहुंची थी मां

मां ने बताया कि बेटे ने उनसे पैसों का इंतजाम करने को कहा था। जिस दिन प्रशांत ने आत्महत्या की, उस दिन भी वह गहने बेचकर और कर्ज लेकर रकम जुटाने सिलतरा से रायपुर आई थीं।

राजेश्वरी का आरोप है कि नए अधिकारी के आने के बाद से प्रशांत को लगातार परेशान किया जा रहा था। बेटा उनसे कहता था कि अधिकारी उसे बहुत परेशान कर रहे हैं और वह आखिर पैसों का इंतजाम कैसे करेगा।

भाई को भी बताई थी परेशानी

प्रशांत ने अपनी परेशानी अपने भाई को भी बताई थी। मुलाकात के दौरान उसने दफ्तर में बनाए जा रहे दबाव और विभागीय अधिकारी के बारे में जानकारी दी थी। हालांकि, परिवार को उम्मीद नहीं थी कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

प्रशांत की मौत के बाद परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button