जनजातीय बच्चों तक पहुंचेगा अंतरिक्ष विज्ञान: ‘स्पेस ऑन व्हील’ से इसरो के उपग्रहों को करीब से समझेंगे विद्यार्थी, CM साय ने की सराहना

रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में बच्चों के बीच विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस पहल के जरिए अब दूरस्थ गांवों और स्कूलों के बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजों को जानने और समझने की रुचि बढ़ेगी। साथ ही वे भविष्य में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हुए हैं। इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के विशेषज्ञ भी इसमें योगदान दे रहे हैं।
वाहन में रखे हैं इसरो के उपग्रहों के मॉडल
संस्था की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल के तहत एक विशेष वाहन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी पहुंचाई जा रही है। इस वाहन में इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाते हैं।
इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों तक भी विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारियां पहुंचाना है, जिनके लिए बड़े वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना आसान नहीं है। इससे ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।



