छत्तीसगढ़

टिन के पीपे से शुरू हुआ रियाज, सूफी गायकी में मिली पहचान: दीपावली मिलन में पद्मश्री गुरुजी से मिले CM साय

रायपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संगीत साधक और पद्मश्री सम्मानित मदन सिंह चौहान से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली मिलन समारोह के दौरान आत्मीय मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने श्री चौहान को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री साय समारोह में मौजूद अतिथियों से एक-एक टेबल पर पहुंचकर मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मदन सिंह चौहान से भेंट की और उनकी संगीत साधना, संघर्ष तथा कला के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।

टिन के पीपे को ढोलक बनाकर शुरू किया रियाज

मदन सिंह चौहान की संगीत यात्रा संघर्ष और जुनून की मिसाल है। संगीत सीखने की ललक ऐसी थी कि जब अभ्यास के लिए कोई वाद्य यंत्र नहीं मिला, तो उन्होंने टिन के पीपे को ही ढोलक बना लिया और उसी पर थाप देकर रियाज शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने ढोलक से तबले तक का सफर तय किया और करीब 30 वर्षों तक तबला वादन किया।

लगातार अभ्यास और कठिन परिस्थितियों में भी संगीत साधना जारी रखने के उनके जज्बे ने उन्हें आज सूफी गायकी के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। गजल और सूफी गायन में उनके योगदान को व्यापक पहचान मिली। लोग उन्हें स्नेह से ‘गुरुजी’ के नाम से पुकारते हैं।

कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया है। उनकी यह यात्रा साबित करती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और समर्पण के आगे संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button