छत्तीसगढ़

दीपक टंडन की बढ़ी मुश्किलें: रायपुर कोर्ट ने 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, 19 नवंबर को फिर होगी पेशी

रायपुर, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ के चर्चित दीपक टंडन को मंगलवार को रायपुर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस को आरोपी की 3 दिन की रिमांड मंजूर कर दी है। अब पुलिस 19 नवंबर तक उससे पूछताछ करेगी। इसके बाद उसे दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस रिमांड के दौरान दीपक टंडन से ठगी और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामलों में पूछताछ की जाएगी। पुलिस उसके नेटवर्क, गतिविधियों और इस पूरे मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और भ्रामक खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों पर रुपये देने का दबाव बनाया जाता था।

इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।

अब पुलिस रिमांड के दौरान इन डिजिटल साक्ष्यों और अन्य आरोपों को लेकर आरोपी से पूछताछ करेगी। 19 नवंबर को उसकी अगली पेशी होगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button