अपराधछत्तीसगढ़

बिजली बिल मांगने पहुंचे इंजीनियर को पीटा: 1.67 लाख रुपए बकाया वसूली पर भड़के ढाबा संचालक पिता-पुत्र, दोनों गिरफ्तार

जशपुर, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। करीब 1 लाख 67 हजार रुपए के बकाया बिजली बिल को लेकर हुए विवाद में ढाबा संचालक और उसके बेटे ने इंजीनियर पर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड़ स्थित मामा ढाबा का है। जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को असिस्टेंट इंजीनियर भूपेंद्र राठौर अपनी टीम के साथ ढाबे में बकाया बिजली बिल की राशि वसूलने पहुंचे थे। इसी दौरान ढाबा संचालक पंखरासियुस तिर्की ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसका बेटा सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया।

आरोप है कि पिता-पुत्र ने इंजीनियर के साथ गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडे और अन्य वस्तुओं से मारपीट की। हमले में भूपेंद्र राठौर के सिर और कंधे पर चोट आई। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद पीड़ित इंजीनियर की शिकायत पर बगीचा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button