छत्तीसगढ़

दीपक टंडन की बढ़ी मुश्किलें: जमानत याचिका खारिज, रायपुर समेत कई जिलों में दर्ज हैं करीब 10 FIR

रायपुर, 17 नवंबर। होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिलासपुर की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। वहीं, पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें रायपुर लेकर पहुंची, जहां कोर्ट में पेश किया गया। दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल से तस्वीरों में छेड़छाड़ कर लोगों को ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप हैं।

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन न्यूज पोर्टल के जरिए लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करता था। आरोप है कि AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार की जाती थी। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर संबंधित लोगों से रुपये वसूलने का दबाव बनाया जाता था। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।

रायपुर समेत कई जिलों में दर्ज हैं FIR

दीपक टंडन को अब प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लाया गया है। दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 FIR दर्ज होने की बात सामने आई है।

दोनों पर होटल में अवैध कब्जा, जमीन की धोखाधड़ी, फर्जी सौदे, फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी और कोयला कारोबारियों व SECL में ठेका दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप हैं। इसके अलावा पैसे मांगने पर धमकी देने और AI से तैयार की गई तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोप भी लगाए गए हैं।

दीपक टंडन का नाम पूर्व DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button