छत्तीसगढ़

बीजापुर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम: डॉग स्क्वाड वेस्पा ने खोज निकाले जंगल में छिपाए 136 BGL सेल

बीजापुर, 13 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए हैं। इनसे 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसमें डीआरजी, K-9 डॉग स्क्वाड और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी। सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। इसके बाद माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 बीजीएल सेल समेत अन्य सामग्री बरामद की गई।

इसी तरह गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही। यहां सर्चिंग के दौरान दो माओवादी डंप बरामद किए गए। इनसे 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

इस तरह दोनों क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित माओवादी सामग्री सुरक्षा बलों के हाथ लगी है। बरामद सामग्री के संबंध में पामेड़ और गंगालूर थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button