छत्तीसगढ़

सूरजपुर-सरगुजा में कबरा हाथी का आतंक: 6 महीने में 19 मौतें, अब पकड़ने उतरी विशेषज्ञों की टीम; ड्रोन से रखी जा रही नजर

सूरजपुर/सरगुजा, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में दहशत का पर्याय बन चुके कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। बीते 6 महीनों में यह हाथी 19 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए वन विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, ड्रोन के जरिए हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी फिलहाल उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद है। उसे ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है। इसके लिए रमकोला से दो कुमकी हाथियों को लाया गया है। ये प्रशिक्षित हाथी जंगली हाथियों को नियंत्रित करने के अभियान में मदद करते हैं। इसके अलावा बिलासपुर से विशेषज्ञों की टीम भी उदयपुर पहुंच चुकी है।

दो महिलाओं पर किया हमला, एक की मौत

कबरा हाथी ने बुधवार रात प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर और श्यामपुर इलाके में जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान हाथी ने 45 वर्षीय दिलासो को कुचलकर मार डाला था। इसके बाद गुरुवार को वह उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी गांव पहुंचा। यहां घर से बाहर निकली 70 वर्षीय अंतीबाई को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसी गांव में हाथी ने एक अन्य महिला पर भी हमला किया, जो गंभीर रूप से घायल है।

गुरुवार शाम हुए इस हमले के बाद इलाके में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों को जंगल और खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

रेडियो कॉलर लगाने की भी मिली थी अनुमति

हाथी के लगातार हमलों को देखते हुए पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ ने पहले ही कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी थी, ताकि उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अब उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने विशेष ऑपरेशन शुरू किया है।

फिलहाल वन विभाग की टीमें हाथी की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button