छत्तीसगढ़

17 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी की तलाश तेज: दूसरे दिन फिर शुरू हुआ रेस्क्यू, 14 से 15 स्कूलों में छुट्टी

अंबिकापुर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने शनिवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। यह हाथी पिछले छह महीनों में 17 लोगों को कुचलकर मार चुका है। पहले दिन उसे ट्रेंकुलाइज करने में सफलता नहीं मिलने के बाद वन विभाग की टीम दूसरे दिन भी उसे पकड़ने में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने विशेषज्ञ डॉक्टरों, कुमकी हाथियों और वाइल्ड लाइफ टीम की मदद ली है। पहले दिन पूरे प्रयास के बावजूद हाथी को बेहोश नहीं किया जा सका। इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रातभर उदयपुर में ही डटे रहे और शनिवार सुबह फिर से हाथी की तलाश शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि कबरा हाथी अब इलाके में मौजूद 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। झुंड में शामिल होने के कारण उसे अलग कर पकड़ना वन विभाग के लिए चुनौती बन गया है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कबरा का झुंड के अन्य हाथियों के साथ द्वंद्व हुआ है। फिलहाल एलिफेंट ट्रैकर्स उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रख रहे हैं।

रेस्क्यू अभियान में विशेषज्ञ डॉक्टरों और वाइल्ड लाइफ टीम के साथ कुमकी हाथियों की भी मदद ली जा रही है। वन विभाग की कोशिश है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा जाए। इसके लिए टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के 14 से 15 स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वन विभाग के अभियान और हाथी की मौजूदगी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि स्कूली बच्चों को किसी तरह के खतरे का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि कबरा हाथी के हमलों में पिछले छह महीने के दौरान 17 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। फिलहाल उदयपुर क्षेत्र में हाथी की तलाश जारी है और सभी की नजरें वन विभाग के दूसरे दिन के रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button