बलौदाबाजार के अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कर्मचारी की संदिग्ध मौत: धर्मकांटा पर ड्यूटी कर रहे 57 वर्षीय भुनेश्वर यादव ने तोड़ा दम

रायपुर, 13 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में स्थित रावन के अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा निवासी 57 वर्षीय भुनेश्वर यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, भुनेश्वर यादव अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के धर्मकांटा विभाग में कार्यरत थे। शुक्रवार को वे रोजाना की तरह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संयंत्र में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों और श्रमिकों में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर सुहेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस परिजनों और संयंत्र में काम करने वाले सहकर्मियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।



