छत्तीसगढ़

दो महिलाओं की मौत के बाद बुजुर्ग पर लगाया टोनही होने का आरोप: घर के बाहर पहरा देकर हथौड़ी से कर दी हत्या

अंबिकापुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग विधवा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जादू-टोना करने और परिवार के सदस्यों की मौत का जिम्मेदार मानकर चार लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों में से दो घर के बाहर पहरा देते रहे, जबकि दो ने घर में घुसकर महिला के सिर और चेहरे पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा की है। मृतका की पहचान रजपतिया पंडो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों देवकुमार देवांगन (26), मुनेश अगरिया (45), शिवनाथ नगेशिया (56) और रामप्रसाद पंडो (35) को शक था कि रजपतिया टोनही है और उसी के जादू-टोने के कारण उनके परिवार की दो महिलाओं की मौत हुई है।

दो महिलाओं की मौत का जिम्मेदार मानकर रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की करीब दो सप्ताह पहले बीमारी से मौत हुई थी। वहीं, मुनेश अगरिया की मां सिबनी की भी तीन सप्ताह पहले बुखार से मौत हो गई थी। दोनों परिवारों ने इन मौतों के लिए रजपतिया को जिम्मेदार मान लिया था। इसी अंधविश्वास के चलते चारों आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची।

घर के बाहर पहरा, अंदर हथौड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 9 बजे चारों आरोपी रजपतिया के घर पहुंचे। साजिश के तहत रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया घर के बाहर पहरा देने लगे, ताकि कोई अंदर न आ सके। वहीं, देवकुमार देवांगन और मुनेश अगरिया घर में घुसे।

दोनों ने महिला को डायन और टोनही बताते हुए कहा कि वह उनके परिवार के लोगों को मार रही है। इसके बाद हथौड़ी से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

सुबह खून से लथपथ मिला महिला का शव

10 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे मृतका का सौतेला बेटा जेठू पंडो काफी देर तक उसे नहीं देख पाया तो घर पहुंचा। दरवाजा खुला हुआ था। अंदर खाट पर रजपतिया का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

संदेह के आधार पर पुलिस ने खोला हत्याकांड

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। जांच के दौरान पता चला कि मृतका के पति की कई साल पहले मौत हो चुकी थी और वह अलग घर में अकेली रहती थी। उसके सौतेले बेटे उसकी देखभाल करते थे।

पूछताछ और जांच में शिवनाथ नगेशिया का मृतका के घर आना-जाना सामने आया। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता जरूरी

मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति विश्वास के अनुसार, ऐसी घटनाओं के पीछे जागरूकता की कमी, शिक्षा का अभाव, कमजोर सामाजिक संरचना और पारिवारिक विघटन जैसे कारण महत्वपूर्ण हो सकते हैं। समाज में अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button