अंतराष्ट्रीय

बांग्लादेश की बैंकिंग व्यवस्था पर संकट: HSBC के बाद Standard Chartered भी कारोबार समेटेगा, 33% कर्ज डूबने की कगार पर

ढाका, 12 नवंबर। बांग्लादेश का बैंकिंग सेक्टर इन दिनों गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश में बिगड़ते बैंकिंग हालात और बढ़ते वित्तीय जोखिम के बीच दुनिया के बड़े विदेशी बैंक अपना कारोबार समेटने लगे हैं। HSBC के बाद अब Standard Chartered ने भी बांग्लादेश में अपना रिटेल बैंकिंग कारोबार बंद करने का फैसला किया है। विदेशी बैंकों के इस कदम से बांग्लादेश की आर्थिक स्थिति और वैश्विक साख को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अंतरराष्ट्रीय बैंक ऐसे कारोबार से बाहर निकल रहे हैं, जहां लागत अधिक और मुनाफा कम है। इसमें आम ग्राहकों को छोटे लोन देना, सेविंग अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट और क्रेडिट कार्ड जैसी सेवाएं शामिल हैं। रिटेल बैंकिंग के तहत बैंक सीधे आम लोगों को वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं।

बांग्लादेश के बैंकों पर बढ़ा कर्ज का बोझ

बांग्लादेश के बैंकिंग सेक्टर की सबसे बड़ी समस्या नॉन-परफॉर्मिंग लोन (NPL) बन गई है। बांग्लादेश बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 2026 तक देश के कुल बैंकिंग लोन का लगभग 33 प्रतिशत हिस्सा NPL की श्रेणी में पहुंच गया है। इसका मतलब है कि बैंकों द्वारा दिया गया बड़ा हिस्सा समय पर वापस नहीं मिल रहा है और डिफॉल्ट का जोखिम बढ़ गया है।

इसके अलावा बैंकिंग व्यवस्था में पूंजी की कमी, कमजोर कॉर्पोरेट गवर्नेंस और वित्तीय अनियमितताओं ने भी संकट को गहरा किया है। राजनीतिक दबाव में बिना पर्याप्त गारंटी के कर्ज देना, भाई-भतीजावाद और बड़े कर्जदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना भी बैंकिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर असर डाल रहा है।

विदेशी बैंक क्यों समेट रहे कारोबार?

विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बैंक अब उन बाजारों में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं, जहां जोखिम कम और मुनाफे की संभावना अधिक हो। बांग्लादेश में बढ़ते वित्तीय जोखिम और कमजोर बैंकिंग व्यवस्था के कारण विदेशी बैंकों के लिए रिटेल बैंकिंग कारोबार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

यह रणनीति केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं है। HSBC इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसे देशों में भी अपने रिटेल बैंकिंग कारोबार से बाहर निकल चुका है। ऐसे में बांग्लादेश से विदेशी बैंकों की विदाई को वैश्विक स्तर पर बदलती बैंकिंग रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था पर क्या होगा असर?

बांग्लादेश के रिटेल बैंकिंग क्षेत्र से दो बड़े अंतरराष्ट्रीय बैंकों का बाहर निकलना विदेशी निवेशकों के लिए नकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इससे देश की वित्तीय स्थिरता और बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो सकता है। निवेशकों के बीच अनिश्चितता बढ़ने से विदेशी निवेश पर भी असर पड़ने की आशंका है।

विश्व बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी बांग्लादेश को बैंकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय स्थिरता मजबूत करने की सलाह देती रही हैं।

हालांकि, विदेशी बैंकों के बाहर निकलने से स्थानीय बैंकों के लिए नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। बांग्लादेश के मजबूत घरेलू बैंक इन विदेशी बैंकों के रिटेल ग्राहकों और क्रेडिट कार्ड कारोबार को अपने साथ जोड़कर बाजार में अपनी पहुंच बढ़ा सकते हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button