जशपुर में बड़ा हादसा टला: खाई में गिरी यात्री बस, 15 सवारियों में 2 गंभीर घायल

जशपुर, 09 जून 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुरंगपानी से पथलगांव जा रही ओम ट्रैवल्स की यात्री बस बागबहार थाना क्षेत्र के खाडामाचा के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें लगी हैं।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 15 यात्री सवार थे। सुबह यात्रा के दौरान अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही जैसे सभी पहलुओं की जांच की जाएगी



