
अभनपुर, 23 मई 2026। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में एक 16 वर्षीय किशोर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम खुरसेंगा निवासी हर्ष साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान अचानक हर्ष की तबीयत बिगड़ गई। तेज गर्मी में काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे तुरंत इलाज के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य में आखिर एक नाबालिग मजदूर कैसे काम कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। मौके पर न तो प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था थी और न ही स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट, हेलमेट और पर्याप्त पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार काम जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों से भीषण गर्मी के बीच लगातार काम करा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ही यह हादसा हुआ। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होती, तो किशोर मजदूर की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



