छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी : बेटे की मौत के बाद पत्नी ने दी जान, अब कारोबारी ने भी किया सुसाइड

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जुड़ा माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक प्रवाल सोनी पुरानी बस्ती क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप संचालित करते थे। करीब एक साल पहले उनके 12 वर्षीय छोटे बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर कई सवाल उठे थे। बेटे की मौत के कुछ दिन बाद उनकी पत्नी सोना सोनी ने भी घर के स्टोर रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

उस दौरान मृतका के मायके पक्ष ने प्रवाल सोनी पर शराब पीकर मारपीट करने और संदिग्ध लोगों के संपर्क में रहने जैसे आरोप लगाए थे। मामले में पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें सोना सोनी ने लिखा था, “मैं छोटू के पास जा रही हूं…”। साथ ही बड़े बेटे को मामा के पास रखने की बात कही गई थी। पुलिस ने उस समय हैंडराइटिंग जांच कराने की बात कही थी।

अब पत्नी और बेटे की मौत के करीब एक साल बाद प्रवाल सोनी ने भी आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार में हुई लगातार मौतों के बाद वह लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव और अकेलेपन से गुजर रहे थे। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button