जशपुर में सियान गुड़ी का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर बढ़ाया उत्साह

रायपुर, 18 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे-केयर केंद्र ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और आत्मीय संवाद स्थापित किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वरिष्ठजन बेहद प्रसन्न नजर आए और उन्होंने इस पहल के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दौरान बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए और धार्मिक पुस्तक, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन बदलती जीवनशैली, एकल परिवार और रोजगार के लिए पलायन के कारण बुजुर्गों को अकेलेपन का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ‘डे-केयर सेंटर – सियान गुड़ी’ की परिकल्पना की गई है, जो बुजुर्गों के लिए सम्मान, सुरक्षा और सक्रियता का केंद्र बनेगा। यहां वे दिनभर सुरक्षित वातावरण में समय बिताकर नई ऊर्जा और उत्साह प्राप्त कर सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सक्रिय और खुशहाल जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जो सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करेगा।
जशपुर में रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समग्र डे-केयर यूनिट के रूप में विकसित किया गया है। यहां योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, दवाएं, टेली कंसल्टेशन, फिजियोथैरेपी, व्यायाम और स्वास्थ्य जागरूकता सत्र की व्यवस्था भी की गई है। बुजुर्गों को कानूनी एवं पारिवारिक परामर्श भी मिलेगा। आपात स्थिति में नेशनल हेल्पलाइन 14567 और राज्य सियान हेल्पलाइन 155326 के जरिए त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सुविधाओं की दृष्टि से केंद्र को अत्याधुनिक रूप दिया गया है, जहां व्हील चेयर सुविधा, आरामदायक बैठक व्यवस्था, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पुस्तकालय, रीडिंग कॉर्नर, टीवी, रेडियो, CCTV, बायोमैट्रिक सिस्टम और टेलीमेडिसिन जैसी व्यवस्थाएं हैं।
इस केंद्र में प्रतिदिन 6 से 8 घंटे तक बुजुर्गों के लिए योग, व्यायाम, चाय-नाश्ता, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह चर्चा, स्वास्थ्य परीक्षण और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर रामप्रताप सिंह, गोमती साय, रायमुनी भगत, यश प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नरेंद्र दुग्गा, दीपक कुमार झा, रोहित व्यास, लाल उमेंद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।



