सक्ती वेदांता प्लांट हादसा: एक और मजदूर की मौत, मृतकों की संख्या 21 पहुंची; अनिल अग्रवाल समेत 10 पर FIR, जांच में लापरवाही उजागर

रायगढ़/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में एक और घायल मजदूर की मौत हो गई है। मध्यप्रदेश निवासी इस्मत अली ने रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हादसे में अब तक कुल 36 मजदूर झुलसे हैं, जिनमें से 15 का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन Anil Agarwal, प्लांट प्रबंधन और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों समेत 10 लोगों के खिलाफ डभरा थाने में FIR दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
जांच में क्या सामने आया
औद्योगिक सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि प्रोडक्शन बढ़ाने की जल्दबाजी में बॉयलर पर अचानक लोड बढ़ाया गया। 350 मेगावाट से बढ़ाकर करीब 590 मेगावाट तक लोड बहुत कम समय में कर दिया गया, जिससे फर्नेस के अंदर दबाव तेजी से बढ़ा और विस्फोट हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक:
- बॉयलर में अनबर्न फ्यूल जमा होने से प्रेशर बना
- दबाव 1-2 सेकेंड में खतरनाक स्तर पर पहुंच गया
- पाइपिंग सिस्टम फेल हो गया
- मशीनों के मेंटेनेंस में लापरवाही बरती गई
- चेतावनी के बावजूद प्लांट बंद नहीं किया गया
हादसा कैसे हुआ
14 अप्रैल दोपहर 2:33 बजे विशाल वाटर ट्यूब बॉयलर में अचानक प्रेशर बढ़ा। तेज दबाव के चलते अंदरूनी विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में बाहरी पाइपलाइन भी आ गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि सिस्टम को समय रहते बंद करना संभव नहीं हो पाया।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
कलेक्टर ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी रिपोर्ट 30 दिनों में मांगी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि:
- हादसा किन कारणों से हुआ
- जिम्मेदार कौन हैं
- तकनीकी या मानवीय लापरवाही कितनी थी
- भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के उपाय
मुआवजे का ऐलान
- वेदांता प्रबंधन: मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए और नौकरी
- PMNRF: 2 लाख रुपए (मृतक), 50 हजार (घायल)
- राज्य सरकार: 5-5 लाख रुपए (मृतक), 50 हजार (घायल)
घायलों का इलाज जारी
घायलों का इलाज रायगढ़ और रायपुर के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कई मजदूर 80-90% तक झुलसे हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सरकार का बयान
श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



