सक्ती वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख, घायलों को 50 हजार सहायता; बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश

रायपुर, 14 अप्रैल 2026। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।



