वेदांता प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट: प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बची कई जिंदगियां, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

रायपुर, 14 अप्रैल 2026।सक्ति जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर हादसे के बाद जिला प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए हैं। घटना में कई मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज दिया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और हालात की कमान संभाली। प्रशासन ने तुरंत एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी संसाधनों को सक्रिय कर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखते हुए यह सुनिश्चित किया है कि इलाज और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।



