छत्तीसगढ़
Trending
NH-30 पर भीषण हादसा: बस-ट्रक की टक्कर, 12 से ज्यादा यात्री घायल, पेड़ से टकराए दोनों वाहन

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा बस और ट्रक के बीच आमने-सामने भिड़ंत में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम खालेमुरवेंड के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतरकर एक ही पेड़ से जा टकराए।
हादसे में बस चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



