छत्तीसगढ़
कार से गांजा तस्करी का भंडाफोड़: 112 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से दिल्ली जा रहे 2 तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पत्थलगांव थाना क्षेत्र में “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
कार में सवार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे झाड़ियों से पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा और वाहन जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।



