
कांकेर, 13 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। माचपल्ली जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एसीएम रैंक की महिला नक्सली रंगाबोइना भाग्या उर्फ रूपी को मार गिराया। रूपी पर 4 लाख रुपए का इनाम घोषित था और उसे बस्तर इलाके में बड़े कैडर की आखिरी सक्रिय महिला माओवादी माना जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान माचपल्ली क्षेत्र में नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रूपी मारी गई।
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। इलाके में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है।
बताया जा रहा है कि रूपी पिछले करीब 20 से अधिक वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी और माड़ डिवीजन में सक्रिय थी। वह डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो 2025 में एक मुठभेड़ में मारा गया था।
बस्तर रेंज आईजी ने कहा कि सरकार लगातार नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील कर रही है, जिसका असर भी देखने को मिला है। हालांकि, कुछ कैडर अब भी हिंसा का रास्ता अपना रहे हैं, जिसका अंजाम इस तरह सामने आ रहा है।
आईजी ने शेष नक्सलियों से अपील की है कि वे जल्द आत्मसमर्पण कर शांतिपूर्ण जीवन की ओर लौटें।
i



