रायगढ़ राइस मिल में आग का कहर: काम के दौरान हादसा, मजदूर बुरी तरह झुलसा, रायपुर रेफर

रायगढ़, 13 अप्रैल 2026/ रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा–सहदेवपाली स्थित सावित्री राइस मिल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से अचानक आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ठेकेदार का हाथ झुलस गया, वहीं मजदूर मोहम्मद तासिम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना के तुरंत बाद घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने बेहतर इलाज की मांग करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वेल्डिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।



