छत्तीसगढ़
Trending

पंडरिया में विकास कार्यों की समीक्षा: विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, कहा—समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम हो सुनिश्चित

00जनसुविधाओं पर फोकस: सड़क, बिजली, पानी, पीएम आवास और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश00

00समीक्षा बैठक में उठे स्थानीय मुद्दे: वार्ड पार्षदों से सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर00

पंडरिया, 11 अप्रैल 2026। नगर पालिका परिषद् पंडरिया में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने विकास कार्यों की प्रगति और जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे अधोसंरचना निर्माण कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसुविधाओं के विस्तार की समीक्षा की गई। विधायक बोहरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाए और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समय पर लोगों तक पहुंचे।

वार्ड पार्षदों से सीधा संवाद

बैठक के दौरान विधायक ने नगर के सभी वार्ड पार्षदों से एक-एक कर उनके क्षेत्रों की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वार्ड स्तर पर प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।

इन मुद्दों पर विशेष जोर

समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने कई अहम विषयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिनमें शामिल हैं—

  • सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी
  • नगर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण
  • बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था
  • पार्किंग और अव्यवस्थित ट्रैफिक की समस्या का समाधान
  • सभी वार्डों में पर्याप्त और सुचारू विद्युत आपूर्ति
  • पुराने बिजली तारों का सुधार और ट्रांसफार्मर की उपलब्धता
  • पीएम आवास योजना की किश्तों में आ रही समस्याओं का निराकरण
  • हितग्राहियों को पट्टा वितरण में तेजी

गर्मी को देखते हुए बिजली-पानी पर विशेष ध्यान

विधायक ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। पुलिस विभाग को नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

विकास कार्यों का ब्योरा भी रखा सामने

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर में पिछले ढाई वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। इनमें हरिनाला पुल, अटल परिसर, भारत माता चौक, सुतियापाट नहर विस्तार, पंडरिया बाईपास, चौपाटी निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग-130ए के अंतर्गत सड़कों की मरम्मत जैसे कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर, नवीन पालिका भवन और व्यावसायिक परिसर निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है। बिसेसरा पुल से हरिनाला तक सड़क मरम्मत कार्य भी प्रगति पर है।

“जनता की सुविधा ही हमारी प्राथमिकता”

विधायक बोहरा ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में भी लगातार विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, सभी वार्ड पार्षद, तहसीलदार, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संसाधन, ऊर्जा और पंचायत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button