विधायक भावना बोहरा ने किया 39.38 करोड़ की सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन, 17 गांवों के हजारों किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

पंडरिया, 11 अप्रैल 2026/ क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत और विकास की दिशा में अहम कदम उठाते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने 39.38 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली बहुप्रतीक्षित सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने से 17 गांवों के हजारों किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा, जिससे करीब 2916 हेक्टेयर कृषि भूमि लाभान्वित होगी।

सुतियापाट मध्यम सिंचाई परियोजना के तहत बायीं तट मुख्य नहर का विस्तार और माइनर नहरों का निर्माण किया जाएगा। इससे बाजगुड़ा, खैरबना, दैहानडीह, पटपर, डोंगरिया, जमुनिया, रणजीतपुर, रणवीरपुर, सिंगारपुर, नवघटा, बीरेंद्रनगर, सुकतरा, रेंगाटोला, सिंघनगढ़, डुमरिया, दलसाटोला और नवापारा सहित आसपास के गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। लोगों में परियोजना को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया और उन्होंने विधायक भावना बोहरा तथा राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस परियोजना के लिए वर्ष 2020 से पहले लगातार संघर्ष किया गया। रणवीरपुर से सहसपुर तक ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और पैदल यात्रा कर किसानों के साथ मिलकर आंदोलन चलाया गया, जिसका परिणाम आज सामने है। उन्होंने बताया कि सुतियापाट सहित आसपास के क्षेत्रों में 300 करोड़ रुपए से अधिक की सिंचाई योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य तेजी से शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को सशक्त बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। इससे जल संकट में कमी आएगी और किसानों को सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के हित में लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अन्य कई सिंचाई परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं, जिनसे आने वाले समय में पंडरिया विधानसभा कृषि क्षेत्र में नई पहचान बनाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



