छत्तीसगढ़

IPL पर ऑनलाइन सट्टा: भाटापारा से सोलन तक फैला नेटवर्क, 16 गिरफ्तार, 50 लाख के उपकरण जब्त

बलौदाबाजार। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भाटापारा से लेकर हिमाचल प्रदेश तक फैले इस नेटवर्क में शामिल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास अजय बतरा नामक आरोपी को मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से मोबाइल, 5,780 रुपए नकद और सट्टेबाजी से जुड़े सबूत मिले।

तकनीकी जांच में “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू में किराए के मकान से देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपी उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। आरोपियों से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी “RUVIBET” आईडी के जरिए अलग-अलग ब्रांच लिंक बनाकर पूरे देश में सट्टा चला रहे थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button