छत्तीसगढ़
Trending

दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16 राज्यों में ठगी करने वाला साइबर अपराधी झारखंड से गिरफ्तार, 7.91 लाख की ठगी का खुलासा

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए झारखंड से अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार सिंह (51) के रूप में हुई है, जो देश के कई राज्यों में लोगों को ऑनलाइन झांसा देकर लाखों रुपये ठग चुका है।

पुलिस के मुताबिक मामला बचेली थाना क्षेत्र का है, जहां 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच आरोपी ने “टास्क पूरा करने पर रकम डबल” करने का लालच देकर पीड़ितों से कुल 7,91,547 रुपये ठग लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान साइबर फॉरेंसिक और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद 10 मार्च 2026 को झारखंड और बिहार में दबिश देकर कोडरमा जिले के जयनगर से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा सहित कुल 16 राज्यों में साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।

आरोपी से बरामद सामान:

  • 1 मोबाइल फोन
  • 2 एटीएम कार्ड
  • पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस
  • 10 हजार रुपये नगद

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस की अपील:
दंतेवाड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज के झांसे में न आएं। अपनी बैंकिंग जानकारी और OTP किसी के साथ साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अंतरराज्यीय नेटवर्क को भी तोड़ा जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button