
रायपुर, 10 नवंबर। राजधानी रायपुर में अब कचरा गाड़ियों की निगरानी GPS के जरिए की जाएगी। नगर निगम ने शहर के सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने का फैसला लिया है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद लोग अपने मोबाइल पर कचरा गाड़ी की लोकेशन और उसके पहुंचने का समय जान सकेंगे। वहीं, कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायत पर निगम अधिकारी महज 5 मिनट में वाहन की लोकेशन और रूट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस नई व्यवस्था से लोगों को कचरा गाड़ी का इंतजार करने और उसके नहीं पहुंचने पर नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक, सफाई व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
50 से 60 कचरा वाहनों के रूट किए गए डिजिटल
नगर निगम इस व्यवस्था को लागू करने के लिए इंदौर में इस क्षेत्र में काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ले रहा है। अब तक करीब 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं। इसके तहत प्रत्येक वाहन की आवाजाही और निर्धारित रूट पर नजर रखी जाएगी।
यदि कोई वाहन अपने तय रूट से भटकता है, 30 मिनट से अधिक देरी करता है या किसी स्थान पर बिना वजह 15 से 20 मिनट तक खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में अलर्ट जारी होगा। इस व्यवस्था को रेड फ्लैग सिस्टम नाम दिया गया है।
सफाई से पहले और बाद की फोटो होगी अपलोड
शहर की सड़कों और नालियों की सफाई का रिकॉर्ड भी डिजिटल किया जाएगा। सफाईकर्मियों को काम शुरू करने से पहले और सफाई पूरी होने के बाद संबंधित स्थान की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। इससे अधिकारी दोनों तस्वीरों का मिलान कर मौके पर हुए काम की वास्तविक स्थिति की जांच कर सकेंगे।
इसके अलावा किसी क्षेत्र में कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायत मिलने पर GPS रिकॉर्ड के जरिए वाहन की लोकेशन और उसके रूट की जानकारी तत्काल हासिल की जा सकेगी।
CCTV कैमरों से पकड़े जाएंगे कचरा फैलाने वाले
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के लिए नगर निगम संवेदनशील इलाकों में CCTV कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। सफाईकर्मी भी सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे। इन तस्वीरों और डिजिटल सबूतों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कचरा डंपिंग वाली जगहों पर बनेंगे ग्रीन कॉर्नर
नगर निगम शहर के खाली प्लॉट और मोहल्लों में कचरा जमा होने वाले स्थानों को सुंदर पार्क और ग्रीन कॉर्नर के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर सभी जोनों को हर सप्ताह दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है।
इन स्थानों पर पौधरोपण, आकर्षक लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इससे शहर के गंदे और कचरा डंपिंग वाले स्थानों को साफ-सुथरे और सुंदर सार्वजनिक स्थलों में बदला जा सकेगा।



