
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में एक घर में रखे फ्रिज में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से घर में मौजूद 57 वर्षीय जया अग्रवाल की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उनके भाई का निधन हुआ था। जया अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है।
रविवार देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से तेज आग की लपटें उठ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो महिला बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में हुए ब्लास्ट के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।



