छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर नगर निगम की सख्ती: 100 बड़े संपत्ति कर बकायादारों के नाम होंगे सार्वजनिक, नहीं चुकाने पर कुर्की-सीलबंदी की कार्रवाई

रायपुर। रायपुर नगर निगम का राजस्व विभाग संपत्ति कर नहीं चुकाने वाले बड़े बकायादारों पर सख्ती की तैयारी में है। विभाग ने शहर के सभी 10 जोनों से बड़े बकायादारों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है और जल्द ही 100 बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जा सकते हैं।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक जोन के 10-10 बड़े बकायादारों की सूची बनाई जा रही है। यदि संबंधित बकायादारों द्वारा नगर निगम को तत्काल बकाया राशि जमा नहीं की जाती है, तो उनके नाम और पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। इसके साथ ही नियमों के तहत कुर्की और संपत्तियों की सीलबंदी जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।

राजस्व विभाग ने सभी बड़े बकायादारों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पूरा बकाया जमा कर दें, ताकि कार्रवाई की स्थिति से बचा जा सके। साथ ही शहर के सभी संपत्ति करदाताओं को भी समय पर कर जमा करने की सलाह दी गई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अंतिम तिथि से पहले कर जमा नहीं किया गया, तो नियमों के अनुसार 17 प्रतिशत अधिभार के साथ वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों की सुविधा को देखते हुए 31 मार्च 2026 तक नगर निगम के सभी 10 जोन कार्यालय शनिवार और रविवार के अवकाश दिनों में भी सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे, जहां करदाता जाकर अपना संपत्ति कर जमा कर सकते हैं।

इसके अलावा करदाता ऑनलाइन माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए मोर रायपुर ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर संपत्ति कर का भुगतान करने की सुविधा लगातार उपलब्ध है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button