CG विधानसभा सत्र: आज आयुष्मान कार्ड और रासायनिक अपशिष्ट पर बहस के आसार, कई मंत्रियों के विभागों की अनुदान मांगें पेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी। इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे।
सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े पत्र भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से संबंधित दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे।
आज सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड से जुड़े विषय पर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगी। वहीं विधायक अनुज शर्मा रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों के मुद्दे को उठाते हुए पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी से जवाब मांगेंगे।
इसके अलावा विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल सदन में विभिन्न याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे।
सदन में आज मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर भी चर्चा की जाएगी, जिस पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।


