छत्तीसगढ़
Trending

महतारी वंदन योजना से बदली जिंदगी: सरस्वती केंवट ने बढ़ाया होटल व्यवसाय, अब हर महीने 10-15 हजार की आय

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी की। राज्य स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन के माध्यम से प्रदेशभर की महिला हितग्राहियों के खातों में योजना की राशि अंतरित की गई। यह योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम तेंदुभाठा की हितग्राही सरस्वती केंवट से संवाद किया और योजना से मिले लाभ के बारे में जानकारी ली।

सरस्वती केंवट महतारी वंदन योजना की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आई हैं। उन्होंने योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपने छोटे होटल व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया। उनके इस प्रयास से होटल का कामकाज बेहतर तरीके से चलने लगा है और अब उन्हें हर महीने करीब 10 से 15 हजार रुपये तक की आय होने लगी है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

संवाद के दौरान सरस्वती केंवट ने मुख्यमंत्री को अपने होटल आने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण देते हुए कहा कि वे उनके होटल में आकर चाय और नाश्ता जरूर करें। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा, “हम आपके होटल जरूर आएंगे… हमें चाय पिलाइएगा और भजिया-पकोड़ा भी खिलाइएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

मुख्यमंत्री से संवाद के बाद सरस्वती केंवट और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनका यह प्रयास क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button