छत्तीसगढ़
Trending

गांजा तस्करी में 2 आरक्षक गिरफ्तार: जशपुर SSP लाल उमेद सिंह की सख्ती, व्हाट्सएप चैट से हुआ खुलासा

जशपुर, 03 मार्च (रमेश शर्मा)।जशपुर जिले में गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने तपकरा थाना में पदस्थ दो आरक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरक्षकों में अमित कुमार त्रिपाठी और धीरेंद्र कुमार मधुकर शामिल हैं। दोनों पर गांजा तस्करी में संलिप्त होने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरक्षकों ने कथित तौर पर नशे के कारोबारी को व्हाट्सएप पर गांजा का नमूना दिखाया और चैटिंग के जरिए सौदेबाजी की। अवैध गांजा की ऑनलाइन भुगतान प्राप्ति के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

बताया जाता है कि 28 फरवरी को पकड़े गए एक गांजा तस्कर से पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी गोविंदा से पूछताछ में सामने आया कि तपकरा थाना के आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (37 वर्ष) और आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (35 वर्ष) गांजा तस्करी में उसके साथ मिलकर काम कर रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरक्षकों की मोबाइल चैटिंग और ऑनलाइन लेनदेन के साक्ष्य मिलने के बाद उनके खिलाफ विधिवत मामला दर्ज किया गया।

SSP के सख्त तेवर, जांच टीम गठित

SSP लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से दोनों आरक्षकों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पुख्ता सबूत न होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इस बार साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया है।

जशपुर पुलिस ने दोनों आरक्षकों को सोमवार 2 मार्च को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। मामले की जांच जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button