
रायपुर। होली पर्व को देखते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
4 मार्च को शासकीय अवकाश के चलते अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की तरह 24 घंटे जारी रहेंगी। आपात चिकित्सा विभाग में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनज़र अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर करने के लिए एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने आमजन से अपील की है कि होली सुरक्षित और सावधानीपूर्वक मनाएं। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में सीधे इमरजेंसी विभाग पहुंचकर उपचार लें।



