छत्तीसगढ़
Trending

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन शंखनाद’: ओडिशा बूचड़खाने ले जाए जा रहे 16 मवेशी बचाए, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 18 फरवरी 2026। जिले में गौवंश संरक्षण और मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ओडिशा के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 16 मवेशियों को घेराबंदी कर मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए मवेशियों को ओडिशा ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम झगरपुर के पास मेन रोड पर घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम देवानंद यादव (32 वर्ष), निवासी आमापाली थाना लैलूंगा बताया। उसके कब्जे से 16 नग गौवंश बरामद किए गए।

पुलिस ने परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, जो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने रब्बुल खान नामक तस्कर के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा बूचड़खाने ले जाना स्वीकार किया।

बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराने के बाद उनके चारा-पानी की व्यवस्था हेतु उन्हें सलखिया गौशाला भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपी देवानंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी रब्बुल खान की तलाश जारी है। मामले में थाना लैलूंगा में छत्तीसगढ़ पशु संरक्षण अधिनियम की धाराओं 4, 6, 10 और 11 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button