छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: घरेलू विवाद में पिता बना कातिल, 6 साल के बेटे को कुएं में डुबोकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 10 फ़रवरी 2026। लैलूंगा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 24 घंटे के भीतर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। मृतक बच्चे के चाचा मनोज महेश्वरी (28) ने पुलिस को बताया कि उनके तीन भाई हैं—बड़ा विजय, मंझला विनोद और वह स्वयं। विनोद अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और घरेलू विवाद के चलते लंबे समय से तनाव में था।
रविवार 8 फरवरी की शाम करीब 6 बजे विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने खड़ा था। अगले दिन सुबह जब मनोज मकान के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने पहुंचा, तो कुएं के अंदर से विनोद की आवाज आई। आसपास के लोगों को बुलाने पर विनोद ने कबूल किया कि उसने अपने बेटे को पहले कुएं में फेंका और फिर खुद उतरकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी व मृत बालक को कुएं से बाहर निकाला। मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी विनोद महेश्वरी पिता स्व. मोहनराम महेश्वरी (30), निवासी वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस संवेदनशील और जघन्य मामले में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और उनकी टीम की तत्पर कार्रवाई की सराहना की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।



