₹3.16 करोड़ का डेवलपमेंट प्लान ऑन ग्राउंड: रायपुर पश्चिम में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस, 100 बिस्तर अस्पताल को मिली हरी झंडी

रायपुर, 07 फ़रवरी 2026| रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को ‘आदर्श विधानसभा’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक राजेश मूणत ने क्षेत्र में ₹3 करोड़ 16 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन कार्यों में सड़क, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास और शिक्षा को प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर, जोन क्रमांक-1 के पार्षदगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
खमतराई, ठक्कर बापा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी और तिलक नगर वार्ड में ₹2.34 करोड़ की लागत से सड़क डामरीकरण और कंक्रीटीकरण के कार्य किए जाएंगे। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अच्छी सड़क सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और व्यापार दोनों की रीढ़ होती है। सड़क निर्माण से धूल की समस्या खत्म होगी, बरसात में कीचड़ और जलभराव से राहत मिलेगी और व्यापार व यातायात को नई गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए विधायक ने बताया कि संत रविदास वार्ड में 100 बिस्तर का अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। भूमि चिन्हित कर ली गई है, कागजी प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में ₹38.45 लाख की लागत से बने 3 ओपीडी कक्ष और दवा केंद्र का लोकार्पण किया गया, जिससे अब इलाज के लिए लोगों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
महिला एवं बाल विकास को सशक्त बनाने के लिए क्षेत्र में ‘महतारी सदन’ (अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र) का निर्माण किया जा रहा है। एक अन्य आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा। इसके अलावा वीर शिवाजी वार्ड स्कूल में ₹25 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष तैयार किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर बैठने की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था की शिकायतें रखीं। इस पर विधायक राजेश मूणत ने सख्त रुख अपनाते हुए जोन आयुक्त क्रमांक-1 को निर्देश दिए कि 48 घंटे के भीतर नई नालियों के निर्माण का एस्टीमेट तैयार किया जाए और सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई और नाली निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
झंडा चौक में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति विधायक राजेश मूणत पर जनता के भरोसे और उनके विकास कार्यों की स्वीकार्यता का प्रतीक रही। लोगों ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ विकास कार्यों का स्वागत किया।



