
रायपुर में 8 साल की बच्ची को किडनैप कर उससे रेप किया गया है। लड़की सिग्नल पर पैसे मांगकर गुजर बसर करती थी। इसी दौरान खाना खिलाने के बहाने कार सवार ड्राइवर ने उसे गाड़ी में बैठाया, फिर VIP रोड पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद से बुधवार-गुरुवार की रात 3 बजे आरोपी ड्राइवर नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तेलीबांधा थाना इलाके का है।बता दें कि 2 सप्ताह पहले भी 9 साल की बच्ची से रेप हुआ था। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आरोपी अब्दुल अंसारी (65) ने अपने ही मोहल्ले की एक बच्ची का 5 दिनों तक रेप किया था। वह बच्ची को चॉकलेट देकर अपने साथ ले जाता और उससे रेप करता था
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, तेलीबांधा स्थित सिग्नल पर नाबालिग लड़की वाहन चालकों से पैसे मांगकर गुजर बसर करती है। बुधवार की रात 9.30 बजे 2 नाबालिग अपने साथियों के साथ सिग्नल पर लोगों से पैसे मांग रही थी।
इस दौरान स्विफ्ट कार में सवार आरोपी नवीन (21) ने खाना खिलाने का झांसा देकर पीड़िता और उसकी सहली को गाड़ी में बिठाया, फिर ललित महल की ओर ले गया। सहेली को कुछ खाने का सामान लाने के लिए ललित महल के पास भेज दिया और कार को आगे ले जाकर लड़की से दुष्कर्म किया। बहुत देर तक नाबालिग अपने परिजनों के पास नहीं पहुंची तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
नाबालिग के परिजनों की सूचना पर एसीसीयू, तेलीबांधा थाने की टीम ने CCTV कैमरे के आधार पर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में पुलिस रात भर घूमती रही। आरोपी को सुबह 4 बजे पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।
नाबालिग ने अपने साथ हुई आपबीती की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने रेप की बात स्वीकार की है।



