धान खरीदी को लेकर सरकार का बड़ा फैसला: 2 दिन बढ़ी तारीख, अब 4–5 फरवरी को भी बिकेगा किसानों का धान; 25.11 लाख किसानों को मिल चुके 33,149 करोड़

रायपुर, 3 फरवरी 2026।राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक अहम निर्णय लेते हुए धान खरीदी की अवधि में दो दिवस की वृद्धि की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुसार अब 4 और 5 फरवरी को भी पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। यह सुविधा उन किसानों को मिलेगी जिनका टोकन पहले ही कट चुका है।
मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय से उन किसानों को बड़ी राहत मिली है जो किसी कारणवश निर्धारित समय में धान नहीं बेच पाए थे। सरकार की मंशा है कि प्रदेश के वास्तविक किसानों को उनका पूरा हक मिले और कोई भी किसान लाभ से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर 2025 से शुरू हुए धान खरीदी अभियान के तहत 31 जनवरी 2026 तक प्रदेश में 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 33 हजार 149 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के माध्यम से किया गया है।
इस खरीफ सीजन में प्रदेशभर से 27 लाख 43 हजार 145 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। सरकार द्वारा लागू की गई पारदर्शी और डिजिटल निगरानी वाली व्यवस्था से वास्तविक किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रदेश के सभी 2,740 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, डिजिटल और पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। इससे बिचौलियों और फर्जी प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगी है और किसान-हितैषी शासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई है।



