धान खरीदी से वंचित किसानों को मिलेगा दूसरा मौका, दो दिन के लिए फिर शुरू होगी खरीदी : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 03 फ़रवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। धान खरीदी से वंचित रह गए किसानों को एक बार फिर अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि प्रदेश में विशेष रूप से दो दिनों के लिए फिर से धान खरीदी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन किसानों का धान किसी कारणवश तय समय-सीमा में नहीं खरीदा जा सका था, उन्हें ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस अवधि में केवल उन्हीं किसानों से धान खरीदा जाएगा, जो पहले किसी कारण से वंचित रह गए थे।
सीएम साय ने कहा कि समीक्षा के दौरान सामने आया कि कुछ किसानों का टोकन कट चुका था, लेकिन वे धान नहीं बेच पाए। वहीं कुछ किसानों का पंजीयन भी नहीं हो सका था। ऐसे सभी किसानों का चिन्हांकन कर लिया गया है। अगले दो दिनों के लिए धान खरीदी शुरू की जाएगी और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी किसान वंचित न रहे।
लखमा की जमानत पर सीएम का बयान
कवासी लखमा की जमानत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी केवल बेल मिली है, अंतिम निर्णय होना बाकी है। बेल मिलना और निर्णय होना दोनों अलग-अलग बातें हैं।
वॉलीबॉल टूर्नामेंट पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने बताया कि वॉलीबॉल टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से 16 टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता 8 फरवरी तक चलेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया।



