
रायपुर, 02 फ़रवरी 2026
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार–रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए करीब 7 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। चोर मुंह में कपड़ा बांधकर पहुंचे थे और छप्पर तोड़कर दुकानों में दाखिल हुए। पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छप्पर तोड़कर घुसे, गल्लों से उड़ाई नकदी
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, लाभांडी निवासी शिव कुमार वर्मा (70) की पंडरी स्थित कपड़े की दुकान “लब-डब” में सबसे पहले चोरी हुई। 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे दुकान बंद करने के बाद सुबह 1 फरवरी को जब दुकान खोली गई तो गल्ले से 2 लाख 75 हजार रुपए गायब मिले। जांच में सामने आया कि चोर टिन शेड तोड़कर अंदर घुसे थे।
नोवा फर्नीचर और हार्डवेयर शॉप भी निशाने पर
इसी तरह पास की “नोवा फर्नीचर” दुकान से करीब 1 लाख 40 हजार रुपए, जबकि “डिजाइनर सेनिटेशन एंड हार्डवेयर” दुकान से 2 लाख 85 हजार रुपए नकद चोरी किए गए। तीनों दुकानों को मिलाकर कुल चोरी की रकम करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है।
CCTV में कैद हुए आरोपी, मुंह पर बंधा था कपड़ा
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे, वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने दुकान संचालकों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस का दावा – जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



