सीधी में EOW की बड़ी कार्रवाई: सरकारी शिक्षक के 3 ठिकानों पर छापा, 4.36 करोड़ की बेनामी संपत्ति का खुलासा

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय शिक्षक अभिमन्यु सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में EOW की 6 सदस्यीय टीम ने पहले पटेल पुल स्थित आवास पर दबिश दी, इसके बाद मड़वास में स्थित उनके दो अन्य ठिकानों पर भी छापे मारे गए।
कुसमी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल खोखरा में पदस्थ शिक्षक अभिमन्यु सिंह पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी सेवा के दौरान आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। शुरुआती जांच में EOW को 4.36 करोड़ रुपये की संदिग्ध और बेनामी संपत्तियों का पता लगा है।
वैध आय से 7 गुना से अधिक की संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 1998 से फरवरी 2025 तक आरोपी शिक्षक की वैध आय के अनुसार कुल संपत्ति 57.28 लाख रुपये होनी चाहिए थी, जबकि वास्तविक संपत्ति इससे कई गुना अधिक पाई गई। संपत्ति में जमीन, मकान, बैंक खातों में रकम और वाहनों से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। इस भारी अंतर के बाद EOW ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
दस्तावेजों की जांच जारी
फिलहाल EOW टीम शिक्षक के आवास और अन्य ठिकानों से मिले दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। टीम बैंक रिकॉर्ड, रजिस्ट्रियों, वाहन दस्तावेजों समेत कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में ले रही है। शुरुआती जांच के बाद आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
EOW की यह कार्रवाई सीधी जिले में चर्चाओं का विषय बनी हुई है।



