40 लाख का कुख्यात नक्सली आजाद सरेंडर! तेलंगाना में 8 नक्सलियों ने एक साथ डाले हथियार, आधिकारिक पुष्टि जल्द

तेलंगाना में नक्सल मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना दोनों राज्यों में सक्रिय माओवादी लीडर कोय्यादी संबय्या उर्फ आजाद समेत 8 नक्सलियों के हथियार डालने की खबर है। हालांकि अभी तक सरकार या पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
40 लाख से ज्यादा का इनामी आजाद तेलंगाना स्टेट कमेटी का प्रमुख नेता माना जाता है। वह पिछले कई दशकों से माओवादी संगठन की रणनीतिक कमान संभाल रहा था। साथ ही, संगठन की टेक्निकल टीम का प्रभारी अब्बास नारायण उर्फ रमेश ने भी आत्मसमर्पण किया है। रमेश लंबे समय से रामागुंडम क्षेत्र में सक्रिय था।
सूत्रों के अनुसार, यह सरेंडर माओवादी संगठनों के भीतर चल रहे लगातार विखंडन और आत्मसमर्पणों की कड़ी है। करीब एक महीने पहले पोलित ब्यूरो मेंबर वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति और CCM रूपेश ने भी आत्मसमर्पण किया था। उस दौरान तेलंगाना और छत्तीसगढ़ क्षेत्र के कुल 283 नक्सलियों ने एक साथ हथियार डाले थे।
अब आजाद और उसकी टीम का सरेंडर माओवादी संगठन के लिए एक बड़ी रणनीतिक चोट माना जा रहा है। आधिकारिक पुष्टि के बाद पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।



