Sports

KKR vs RR: आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बने यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा

राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइटराइजर्स के खिलाफ आईपीएल के 56वें मैच में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। यशस्वी ने इस मामले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यशस्वी ने 13 गेंद पर ही अर्धशतक लगा दिया। वहीं, राहुल ने इसके लिए 14 गेंदों का सामना किया था।

बराबरी पर हैं राहुल और कमिंस
केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मोहाली में 14 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व खिलाड़ी पैट कमिंस ने भी 14 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता के लिए 14 गेंद पर ही पचास रन का आंकड़ा छू लिया था।

राजस्थान ने की कोलकाता की बराबरी
यशस्वी ने नीतीश राणा के पहले ओवर में 26 रन बनाए तो राजस्थान ने आईपीएल में एक रिकॉर्ड बना लिया। वह पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। उसने इस मामले में कोलकाता नाइटराइडर्स की बराबरी कर ली। कोलकाता ने ईडन गार्डन्स में ही मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2013 में 26 रन बनाए थे। उस ओवर में एक रन एक्स्ट्रा भी मिला था। राजस्थान को एक भी रन एक्स्ट्रा में नहीं मिला। एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के नाम दर्ज है। उसने चेन्नई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2011 में 27 रन बनाए थे। इसमें सात रन एक्स्ट्रा के रूप में मिले थे।

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोलकाता ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 13.1 ओवर में एक विकेट पर 151 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 98 और कप्तान संजू सैमसन ने नाबाद 48 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। टीम को एकमात्र झटका जोस बटलर के रूप में लगा। वह खाता खोले बगैर ही दूसरे ओवर में रन आउट हो गए थे।

1001518797 removebg preview
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button